प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर की सृष्टि देखें: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
रविवार, जून 28, 2026, बरियातू, राँची: आज राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के पवित्र हृदय काथलिक चर्च बरियातू में नए पल्ली पुरोहित के पदभार ग्रहण करने का समारोह आयोजित रहा। इस पदभार ग्रहण समारोह की अगुवाई राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित कर किया।
पवित्र हृदय काथलिक चर्च बरियातू में फाo अनुप मिंज एसo डीo बीo की नए पल्ली पुरोहित के रूप में नियुक्ति की गई है। जिसका पदभार ग्रहण समारोह आज पवित्र मिस्सा बलिदान में सम्पन्न हुआ। समारोह की शुरुआत बहुत ही उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। पल्ली के समस्त विश्वासियों ने चर्च परिसर में महाधर्माध्यक्ष और नए पल्ली पुरोहित का पारंपरिक और गर्मजोशी से स्वागत किया। विश्वासियों की भारी उपस्थिति और उनके चेहरों की खुशी पल्ली के नए अध्याय की गवाही दे रही थी। पदभार ग्रहण की पवित्र धर्मविधि महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में पवित्र मिस्सा अर्पित किया गया। इस दौरान उन्होंने नए पल्ली पुरोहित को औपचारिक रूप से पल्ली की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने सर्वप्रथम मुख्य द्वार पर कुँजी प्रदान कर गिरजाघर की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही मिस्सा बलिदान के विभिन्न भाग में अर्थपूर्ण तरीके से बैंगनी स्कन्ध पट्ट, पवित्र जल बपतिस्मा रेजिस्टर, बीमारों का तेल, पवित्र रोटी एवं दाखरस भरा कटोरा और संदूक की कुंजी सौंपते हुए नए पुरोहित को विश्वासियों की आध्यात्मिक देखभाल करने का आशीर्वाद दिया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट ने अपने प्रभावशाली उपदेश में महाधर्माध्यक्ष ने कहा कि "इस संसार में प्रत्येक मनुष्य ईश्वर की एक अनूठी और मूल्यवान रचना है। हमें हर व्यक्ति का सम्मान करना चाहिए। परोपकार ही प्रभु की सेवा है। " बाइबिल के वचनों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा, "यदि आप किसी जरूरतमंद को एक गिलास पानी भी देते हैं, तो वह काम आप साक्षात प्रभु येसु के लिए करते हैं।" उन्होंने समुदाय को प्रेम और सेवा का जीवन जीने की प्रेरणा दी। जहां किसी को किसी प्रकार की कमी एवं दिक्कत न हो। यह दिन पल्ली के लिए दोहरी खुशी का अवसर था। नए पुरोहित के आगमन के साथ-साथ वार्षिक पल्ली दिवस भी मनाया गया। इस मौके पर पल्ली की एकता और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। मिस्सा के बाद एक छोटा सम्मान समारोह रखा गया। अतिथियों और पुरोहितों का सम्मान कार्यक्रम के अंतिम चरण में, पल्ली समुदाय की ओर से मुख्य अतिथि महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, नए पल्ली पुरोहित और अन्य पुरोहितों को शॉल और फूल गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
पवित्र हृदय काथलिक चर्च बरियातू में नए पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह एवं पल्ली दिवस के अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के अलावा, नए पल्ली पुरोहित फ़ाo अनुप मिंज, सहायक पल्ली पुरोहित फाo डेविड मिंज, फ़ाo संजीत महाधर्माध्यक्ष के सचिव फाo असीम मिंज, धर्मबंधुगण, धर्मबहनें एवं हजारों ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित रहे।