राँची काथलिक महाधर्मप्रांत को मिला एक सहायक धर्माध्यक्ष
जून 24, 2026, राँची: राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के विश्वासियों, पुरोहितों और धर्मबहनों का एक लंबा इंतजार आज आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया। काथलिक कलीसिया के सर्वोच्च संत पिता लियो 14वें ने राँची महाधर्मप्रांत के लिए फाo आनंद डेविड खलखो को एक नए सहायक धर्माध्यक्ष के रूप में नियुक्ति कर दी है। इस बहुप्रतीक्षित घोषणा के बाद पूरे छोटानागपुर क्षेत्र के कैथोलिक समुदाय में हर्ष और उल्लास का माहौल है।
इस गौरवशाली निर्णय की आधिकारिक घोषणा आज राँची संत मरिया महागिरजाघर में शाम 03:30 बजे राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने उपस्थित पुरोहितों एवं विश्वासियों के सम्मुख की। इस नियुक्ति से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में कलीसियाई गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक कल्याण के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी पुरोहितों, धर्मसंघियों और विश्वासियों से अपील की है कि वे नव-नियुक्त सहायक धर्माध्यक्ष के स्वास्थ्य, मार्गदर्शन और उनके भावी प्रेरितिक जीवन की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना करें। आने वाले दिनों में नव-नियुक्त सहायक धर्माध्यक्ष के धर्माध्यक्षीय अभिषेक की तिथि की घोषणा की जाएगी।