सेवा भाव उपयाजक का अभिन्न गुण: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
जून 24, 2026, राँची: आज टीo ओo आरo के संत फ्रांसिस ट्रेनिंग सेंटर राँची में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद द्वारा एक अत्यंत गरिमामय और आध्यात्मिक माहौल में टी.ओ.आर. धर्मसमाज के समर्पित दो भाइयों ब्राo एन्सेलम मुंडू एवं ब्राo अमरदीप लकड़ा को उपयाजक अभिषेक प्रदान किया ।
इस समारोह की शुरुआत मिस्सा बलिदान के प्रवेश गान से हुआ। इस पवित्र संस्कार के दौरान महाधर्माध्यक्ष ने नव-अभिषिक्त उपयाजकों पर हाथ रखकर और प्रार्थना के माध्यम से उन्हें वेदी और ईश्वर की जनता की सेवा के लिए नियुक्त किया। पवित्र मिस्सा की मुख्य अगुवाई स्वयं महाधर्माध्यक्ष ने की। सुसमाचार की घोषणा के पश्चात टी.ओ.आर. धर्मसंघ के प्रोविंशियल फ़ाo मनोज वेंगतनाम द्वारा दोनों उपयाजक उम्मीदवारों को महाधर्माध्यक्ष के सम्मुख प्रस्तुत किया। तत्पश्चात महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने उनकी जांच कार उपयजाक अभिषेक प्रदान करने के लिए चुना। सभी ने ताली बजा कर अपनी सहमति प्रदर्शित की। मिस्सा बलिदान के दौरान पूरा गिरजाघर प्रार्थना और भक्ति गीतों से गूंज उठा। महाधर्माध्यक्ष ने अपने प्रभावशाली प्रवचन में सेवा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपयाजक बनना एक अधिकार नहीं, बल्कि पूर्ण समर्पण और सेवा का बुलावा है। उन्होंने नव-अभिषिक्त भाइयों को याद दिलाया कि उन्हें प्रभु येसु मसीह के पदचिह्नों पर चलना है, जो इस दुनिया में "सेवा कराने नहीं, बल्कि सेवा करने" आए थे। एक सच्चे सेवक के रूप में, उन्हें गरीबों, बीमारों और कलीसिया की सेवा पूरी विनम्रता और प्रेम के साथ करनी चाहिए। धर्मोपदेश के पश्चात उपयजाकीय अभिषेक की धर्मविधि आरंभ हुई जिसमें महाधर्माध्यक्ष ने उनके लिये विशेष प्रार्थना की, संतों की मध्यस्थता की गई, उन्हें उपयजाकीय परिधान पहनाया गया एवं बाइबिल प्रदान किया गया। उपस्थित विश्वासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। कलीसिया और विशेष रूप से टी ओ आर धर्मसंघ को नए उत्साही सेवक मिलने की खुशी हर किसी के चेहरे पर साफ देखी जा सकती थी। मिस्सा समाप्ति पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने दोनों उपयाजक को विशेष आशीष प्रदान किया। अंत में नव अभिषिक्त उपयाजकों के सम्मान में एक छोटा मिलन समारोह भी आयोजित रहा, जिसमें केक काटा गया और शुभकामना गीत भी गाये गए। नव-अभिषिक्त भाइयों के माता-पिता और परिवार के सदस्य इस पल के गवाह बनकर अत्यंत भावुक और गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। उपस्थित सभी लोगों ने मधुर शुभकामना गीत गाकर नए उपयाजकों के सेवामयी भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। यह समारोह बिल्कुल ही सादगी में कुछ ही लोगों के साथ सम्पन्न किया गया। यह समारोह सभी के लिए एक आत्मिक नवीनीकरण और उत्सव का दिन रहा।
इस शुभ अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, टी ओ आर धर्मसंघ के प्रोविंशियल फ़ाo मनोज वेंगतनाम, फ़ाo हिलारियूस बारला, फाo बेंजामिन तिडू, फाo असीम मिंज अन्य पुरोहितगण एवं परिवार के कुछेक सदस्य शामिल रहे।