भय एवं अनिश्चितता में सदैव ईश्वर हमारे साथ होता है: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
21 जून, 2026, कुरकुरिया, बेड़ो: आज राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के प्रेरित संत लूकस काथलिक चर्च, कुरकुरिया में पहला परमप्रसाद संस्कार ग्रहण करने का दिन आयोजित रहा। इस शुभ दिन में पल्ली के विश्वासियों के लिए राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया एवं बच्चों को पहला परमप्रसाद संस्कार प्रदान किया।
आज प्रेरित संत लूकस काथलिक गिरजाघर में भक्तिमय माहौल में पवित्र मिस्सा का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने अपना पहला परमप्रसाद ग्रहण किया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के आगमन पर विश्वासियों में खुशी की लहर दिखाईं दीं जिन्होंने हाथ धोकर महाधर्माध्यक्ष का स्वागत किया एवं नाचते हुए उन्हें गिरजाघर तक पहुँचाया। तत्पश्चात महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में समारोही मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद ने पल्ली के विश्वासियों को ढांढस बंधाया। उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि "ईश्वर हममें से हर एक के साथ हैं। यदि गोरैया का भी ईश्वर देखभाल करता है तो हम सभी ईश्वर की नजर में गौरैया से भी कहीं अधिक मूल्यवान हैं, इसलिए हमें कभी भी निराश नहीं होना चाहिए। क्योंकि ईश्वर हमारे संदेश, मुश्किल एवं अनिश्चितता में सदैव हमार साथ देता है।" पवित्र मिस्सा के दौरान प्रभु येसु को अपने हृदय में पाकर बच्चों के चेहरों पर आध्यात्मिक खुशी साफ देखी जा सकती थी। मिस्सा समाप्ति पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी को विशेष आशीष प्रदान किया। परमप्रसाद संस्कार ग्रहण करने वाले बच्चे बच्चियों के माता पिताओं को बच्चों में विश्वास का बीज बोने के लिए धन्यवाद दिया एवं अच्छे उदाहरण द्वारा आगे भी उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस शुभ अवसर पर पल्ली की खुशी दोगुनी हो गई क्योंकि महाधर्माध्यक्ष द्वारा चर्च परिसर के नए छात्रावास 'संत फ्रांसिस वेलफेयर सेंटर' का भी आशीष और उद्घाटन किया गया। यह छात्रावास छात्रों के बेहतर भविष्य और निवास के लिए समर्पित है। मिस्सा और आशीष समारोह के समापन के बाद एक छोटा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों और पल्ली के युवाओं ने रंगारंग नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। पहले से रह रहे हॉस्टल के नन्हें मुन्हें बच्चे बच्चियों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने अपने संबोधन में पल्ली की दयनीय स्थिति से अभी उन्नति की ओर बढ़ने की सराहना की। साथ ही उन्होंने माता पिताओं को बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने का संदेश दिया। सभी उपस्थित अतिथियों और पल्लीवासियों ने इस आनंदमय उत्सव की सराहना की।
इस प्रथम परमप्रसाद संस्कार ग्रहण करने वाले दिन एवं हॉस्टल की आशीष एवं उद्घाटन के पावन अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, कुरकुरिया के पल्ली पुरोहित फाo विल्फ्रेड वेगस, सहायक पल्ली पुरोहित फाo राजेंद्र खलखो, फाo सेबेस्टियनों लोपिस, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फाo असीम मिंज, सिo मोलि अन्य धर्मबहनें पल्ली के विश्वासी शामिल रहे।