महाधर्माध्यक्ष ने नवनिर्मित नोट्रेडेम कॉन्वेंट एवं प्रार्थनालय का आशीष किया
जून 20, 2026, बयानडीह, नामकोम: आज बयानडीह में नवनिर्मित नोट्रेडेम कॉन्वेंट एवं चैपल की आशीष एवं समर्पण का समारोह अत्यंत श्रद्धापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया जिसने आशीष की धर्मविधि संपन्न कर धन्यवादी मिस्सा बलिदान अर्पित किया।
महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद का कॉन्वेंट के प्रवेश द्वार पर धर्मबहनों ने हाथ धोकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। तत्पश्चात नवनिर्मित कॉन्वेंट की आशीष समारोह का आरंभ जल की आशीष के साथ हुआ।
इसके पश्चात धर्मसंघ की प्रोविंशियल सिस्टर मेरी एलिस ने फीता काटकर कॉन्वेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। महाधर्माध्यक्ष ने पवित्र जल छिड़ककर कॉन्वेंट की आशीष की। इसके बाद नव-निर्मित चैपल में धन्यवाद ज्ञापन स्वरूप पवित्र मिस्सा अर्पित की गई। मिस्सा के दौरान महाधर्माध्यक्ष ने वेदी का अभिषेक किया तथा उसे परमेश्वर की आराधना और यूखारिस्तीय बलिदान के लिए समर्पित किया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान एवं आराधना में प्रयुक्त होने वाली विभिन्न धार्मिक वस्तुओं एवं संदूक को भी आशीष प्रदान की। अपने धर्मोपदेश में महाधर्माध्यक्ष ने विश्वास में दृढ़ बने रहने का संदेश दिया। उन्होंने सुसमाचार के उस दृष्टांत का उल्लेख किया जिसमें बुद्धिमान व्यक्ति अपने घर की नींव चट्टान पर बनाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चट्टान पर बना घर आँधी और तूफान में भी अडिग रहता है, उसी प्रकार हमारा जीवन भी गहरे विश्वास, प्रार्थना और परमेश्वर पर भरोसे की मजबूत नींव पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि यह कॉन्वेंट और चैपल केवल ईंट-पत्थरों की इमारत न होकर विश्वास, सेवा, प्रेम और समर्पण का जीवंत केंद्र बने। समारोह के अंत में सभी ने परमेश्वर को उनकी असीम कृपा और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। यह अवसर उपस्थित सभी लोगों के लिए आध्यात्मिक आनंद, प्रेरणा और कृतज्ञता का एक यादगार अनुभव बना। सभी ने मिलकर ईश्वर से प्रार्थना किया कि नोट्रेडेम कॉन्वेंट एवं चैपल आने वाले वर्षों में विश्वास, आशा और प्रेम का प्रकाशस्तंभ बना रहे तथा अनेक लोगों को प्रभु के निकट लाने का माध्यम बने। अंत में उन सभी का सम्मान शॉल ढक कर एवं पौधा प्रदान कर किया गया जिन्होंने इस भवन निर्माण में सहयोग प्रदान किया।
नॉट्रेडेम कॉन्वेंट के आशीष समारोह में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, टी ओ आर के प्रोविंशियल फ़ाo मनोज वेंगतनाम फ़ाo अल्बर्ट लकड़ा, फाo जेम्स टोप्पो, फ़ाo कामिल एस जे, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फाo असीम मिंज, सिo मेरी एलिस, धर्मबहने एवं अन्य अथितिगण उपस्थित रहे।