फादर सिरिल तिग्गा, एस.जे. के पुरोहिताभिषेक के 25 वर्ष पूरे
सोमवार, जून 01, 2026, कैमो पतराटोली, लोहरदगा : आज संत स्तानिसलास उच्च विद्यालय कैमो पतराटोली लोहरदगा के सभागार में जमशेदपुर प्रोविंस येसु धर्म संघ के पुरोहित, फादर सिरिल तिग्गा, एस.जे. के पुरोहिताभिषेक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक भव्य और आध्यात्मिक रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के सेवानिवृत्त मुख्य अनुष्ठाता एवं मुख्य अतिथि के रूप में महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस.जे., एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद उपस्थित रहे।
यह दिन फादर सिरिल के प्रभु की सेवा में समर्पित 25 वर्षों के सफर, उनकी निष्ठा और उनके त्याग को सराहने का एक ऐतिहासिक अवसर था। समारोह की शुरुआत अत्यंत भक्तिमय माहौल में पवित्र मिस्सा पूजा के साथ हुई। मिस्सा पूजा के मुख्य अनुष्ठाता रांची महाधर्मप्रांत के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो, एस.जे. रहे। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में फाo सिरिल तिग्गा के समर्पित जीवन के लिए ईश्वर को धन्यवाद किया एवं उनसे सभी को प्रेरित होने का आह्वान किया। इस पवित्र घड़ी में रांची के वर्तमान महाधर्माध्यक्ष मोस्ट रविंसेंट आईंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने इस आध्यात्मिक उत्सव के महत्व को और बढ़ा दिया। दोनों वरिष्ठ धर्मगुरुओं और उपस्थित अन्य पुरोहितों ने मिलकर फादर सिरिल के सुखद और फलदायी भविष्य के लिए प्रार्थना की। महाधर्माध्यक्ष का संदेश और परिवार के प्रति आभार मिस्सा बलिदान के दौरान अपने संदेश में महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो ने फादर सिरिल तिग्गा के प्रेरितिक कार्यों और उनके समर्पित जीवन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि फादर सिरिल ने पिछले 25 वर्षों में कलीसिया और समाज की सेवा में जो योगदान दिया है, वह सराहनीय है। मिस्सा समाप्ति के पश्चात फाo सिरिल तिग्गा के सम्मान में संस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित रहा। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने अपने वक्तव्य में एक बेहद भावुक और महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने फादर सिरिल के परिवार का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि एक ईश्वरभक्त परिवार के सहयोग और बलिदान के बिना किसी पुरोहित का यह सफर संभव नहीं है। उन्होंने फादर सिरिल को प्रभु के काम के लिए समर्पित करने के लिए उनके माता-पिता और परिवार के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। प्रार्थना सभा के बाद एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय विश्वासियों, युवाओं और बच्चों ने इस उत्सव को अपनी जीवंत प्रस्तुतियों से सराबोर कर दिया। स्वागत नृत्य: पारंपरिक गीतों और नृत्यों के माध्यम से अतिथियों और फादर सिरिल का स्वागत किया गया। सम्मान समारोह के इस अवसर पर फादर सिरिल तिग्गा, एस.जे. को उनके उत्कृष्ट और निस्वार्थ सेवा कार्य के लिए सम्मानित किया गया। जमशेदपुर प्रोविंस के अधिकारियों और अतिथियों द्वारा उन्हें शॉल, बुके और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।फादर सिरिल ने भी इस मौके पर भावुक होते हुए ईश्वर का धन्यवाद किया। उन्होंने अपनी इस 25 वर्षों की यात्रा में साथ देने वाले सभी वरिष्ठ पुरोहितों, सहयोगियों, अपने परिवार और विशेष रूप से जमशेदपुर प्रोविंस के प्रति आभार प्रकट किया। फादर सिरिल तिग्गा ने भी शॉल ढक कर एवं पौधा दे कर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों का सम्मान बढ़ाया। फादर सिरिल तिग्गा की रजत जयंती का यह समारोह न केवल एक उत्सव था, बल्कि यह ईश्वर की बुलाहट और वफादारी का साक्षात प्रमाण था। इस कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों के दिलों को छू लिया और युवाओं को ईश्वर की सेवा के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया।
फाo सिरिल तिग्गा एस जे के 25 वर्षीय वर्षगांठ के जुबिली के अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस जे, महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, राँची येसु धर्मसंघ के प्रोविंशियल फाo अजित कुमार खेस, फ़ाo अजय कुजूर, फ़ाo शिशिर सुरीन अन्य पुरोहितगण, पल्ली के विश्वासी एवं रिश्तेदार शामिल रहे।