महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद द्वारा रेंगोला के ग्राम गिरजाघर का आशीष समारोह संपन्न
शनिवार, मई 30, 2026, रेंगोला डुम्बर टोली, गुमला: आज रेंगोला डुम्बर टोली, गुमला के नव-निर्मित ग्राम गिरजाघर का आशीष एवं उदघाटन समारोह अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस ग्राम गिरजाघर का नाम संत योसफ चर्च रखा गया है। इस पावन अवसर पर राँची के महाधर्माध्यक्ष अतिमान्यवर विन्सेंट आईंद मुख्य अतिथि एवं मुख्य अनुष्ठाता के रूप में उपस्थित रहे।
रेंगोला डुम्बर टोली के ख्रीस्त विश्वासियों के लिए आज ऐतिहासिक पल रहा क्योंकि उन्होंने ईश्वर की कृपा, अपने समर्पित परिश्रम एवं उदार लोगों की सहायता से एक ग्राम गिरजाघर निर्मित करने में सफलता हासिल की।महाधर्माध्यक्ष के गाँव में आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर नृत्य एवं गीतों के माध्यम से अपनी खुशी और सम्मान व्यक्त किया। ग्रामीणों ने महाधर्माध्यक्ष को पारंपरिक रीति से पालकी पर उठाकर जुलूस के रूप में ग्राम गिरजाघर तक पहुँचाया। इस अवसर पर पूरा गाँव आनंद और उल्लास से भर उठा।
मिस्सा बलिदान के पहले महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद ने फीता काट कर गिरजाघर का उद्घाटन किया एवं प्रवेश नाच के साथ गिरजाघर में प्रवेश किया। इस दौरान महाधर्माध्यक्ष ने पवित्र जल छिड़कर कर नवनिर्मित ग्राम गिरजाघर की आशीष की, पवित्र तेल से वेदी का अभिषेक किया तथा गिरजाघर की दीवारों को भी पवित्र तेल से अभिषिक्त कर उन्हें परमेश्वर की सेवा और आराधना के लिए समर्पित किया। यह क्षण उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत भावनात्मक और आध्यात्मिक महत्व का था। इसके पश्चात महाधर्माध्यक्ष ने पवित्र मिस्सा बलिदान का अनुष्ठान संपन्न किया, जिसमें बड़ी संख्या में विश्वासीगण शामिल हुए। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "यह नव निर्मित गिरजाघर यरूसलेम के गिरजाघर के समान ही है जहां यहूदी वर्ष में कम से कम एक वहां जा कर प्रार्थना करते थे। आज आप लोगों के लिए ऐसा ही गिरजाघर प्राप्त हुआ है इसलिए इसका भरपूर लाभ लेते हुए बिना घमंड किए एवं ईश्वर पर श्रद्धा रखते हुए आध्यात्मिक एवं विश्वास में आगे बढ़ते रहिए।" मिस्सा समाप्ति के बाद इस शुभअवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन रहा। महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद ने अपने संदेश में कहा कि आज प्रभु की कृपा हमें प्राप्त हुई है। ग्राम के प्राकृतिक दृश्य की उन्होंने सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि वे इस ग्राम से काफ़ी प्रभावित हुए। उन्होंने विश्वासियों को प्रार्थना, एकता और मसीही मूल्यों के अनुसार जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। इस ग्राम गिरजाघर का निर्माण हज़ारों लोगों की उदारता एवं आर्थिक सहायता से संभव हो सका। इसलिए मददगार सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया एवं सम्मानित किया। इस निर्माण कार्य फ़ा अंजलूस एक्का के नेतृत्व एवं देखरेख में हुआ। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने परमेश्वर को धन्यवाद दिया और गाँव के इस नए गिरजाघर को विश्वास, प्रार्थना और सामुदायिक एकता का केंद्र बनने की कामना की। यह दिन गाँव के इतिहास में एक यादगार और आशीषमय अवसर के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा।
रेंगोला डुम्बर टोली के ग्राम गिरजाघर के आशीष एवं उदघाटन समारोह में महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद, गुमला धर्मप्रान्त के विकार जेनरल फाo जेफ्रयूस तिर्की, गाँव के फा अंजलूस एक्का, 30 अन्य पुरोहित, विभिन्न धर्मसमाज के धर्मबहनें, माझा टोली के ख्रीस्त विश्वासी एवं ग्राम के ख्रीस्त विश्वासी शामिल रहे।