प्रभु येसु के समान ही दूसरों के लिए पुरोहित करे जीवन का बलिदान:महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
रविवार, मई 24, 2026, नवाँटांड, माण्डर: आज माँ मरियम - सभी कृपाओं का मध्यस्थ गिरजा, नवाँटांड में उपयाजक हिलारियसू थॉमस एक्का और उपयाजक सुमित एक्का ओo एफo एमo कैपo का पुरोहिताभिषेक भव्य रूप से सफलतापूर्वक सपन्न हुआ। राँची काथलिक महाधर्मप्रान्त के महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद ने दोनों उपयाजकों को पुरोहित अभिषेक प्रदान किया।
नवाटांड़ पल्ली प्रत्येक वर्ष समाज की सेवा के लिए पुरोहित प्रदान करता रहा है। आज भी ऐसा ही अवसर बना जब दो उपयाजक पुरोहित के रूप में महाधर्माध्यक्ष विन्सेंट आईंद द्वारा अभिषिक्त किये गये। महाधर्माध्यक्ष का पल्ली परिसर के दूर से ही पालकी पर बैठा कर नाचते गाते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सर्वप्रथम दोनों उपयाजकों का जीवन परिचय प्रस्तुत किया गया एवं उनके लिए विशेष प्रार्थना करने का निवेदन भी रखा गया। तीन छोरो से प्रवेश नाच के साथ सभी पुरोहित वेदी के सम्मुख पहुंचे। सुसमाचार की घोषणा के बाद फाo आनंद डेविड खलखो ने दोनों उपयाजकों को महाधर्माध्यक्ष के सम्मुख प्रस्तुत कर पुरोहिताभिषेक प्रदान करने के लिए निवेदन किया । महाधर्माध्यक्ष ने पुष्टि प्राप्त कर दोनों उपयाजकों को पुरोहिताभिषेक के लिए चुना। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "एक पुरोहित को प्रभु के समान ही एक पुरोहित एवं चरवाहा बनना है। ऐसा पुरोहित जो प्रभु येसु का अनुसरण करते हुए न सिर्फ़ मिस्सा बलिदान अर्पित करे बल्कि लोगों की भलाई के लिए जीवन समर्पित करे। एक भले चरवाहे के समान लोगों की देख भाल करे। " धर्मोपदेश के बाद पुरोहित अभिषेक की धर्मविधि आरंभ हुई। महाधर्माध्यक्ष ने उनकी जाँच पड़ताल के लिए कुछेक प्रश्न पूछे। उनके उत्तर से संतुष्ट हो कर महाधर्माध्यक्ष ने पवित्र तेल से मल कर उनको पुरोहिताभिषेक प्रदान किया । यह दिन न सिर्फ़ दोनों नव पुरोहितों के लिए आनंद एवं खुशी का दिन रहा वरण सम्पूर्ण पल्ली वासी आनंदित हुए। नव अभिषिक्त पुरोहितों फाo हिलारीयूस एक्का और फाo सुमित एक्का के सम्मान में शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन रहा। विभिन्न प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। यह पुरोहिताभिषेक अनेक लोगों को भी प्रभु की दाखबारी में कार्य करने हेतु प्रेरित करता रहेगा। उनके अभिषेक के साथ ही राँची काथलिक महाधर्मप्रान्त को फाo हिलारियूस एक्का के रूप में एक और पुरोहित प्राप्त हुआ।
नव अभिषिक्त पुरोहितों फाo हिलारियूस एक्का और फाo सुमित एक्का ओo एफo एमo कैपo के पुरोहिताभिषेक के अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के अलावा फा जॉन डाइस ओo एफo एमo कैपo के प्रोविन्सियल, पूर्व विधायक एवं शिक्षामंत्री श्रीo बंधु तिर्की जी फाo आनंद डेविड खलखो, वीo जीo रांची काथलिक महाधर्मप्रान्त, नवाटांड़ के पल्ली पुरोहित फाo सुनील टोप्पो, फाo बिपिन कंडुलना, फाo इरेनियुस केरकेट्टा, अन्य 90 से अधिक पुरोहितगण, विभिन्न धर्मसमाज की धर्मबहनें, रिश्तेदार एवं हज़ारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित रहे।