पवित्र आत्मा अनंत आनंद का स्रोत: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
रविवार, मई 10, 2026, कोकर,रांची: आज संत एंजेल
गिरजा कोकर राँची में 103 बच्चे बच्चियों ने दृढ़कारण संस्कार ग्रहण किया। रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया और दृढ़करण संस्कार की धर्मविधि सम्पन्न की।
आज कोकर पल्ली में दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने का दिन रहा। इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने पल्ली के 103 बच्चे बच्चियों को दृढ़करण संस्कार प्रदान किया। महाधर्माध्यक्ष के पल्ली परिसर में आगमन पर आदिवासी वेशभूषा पहनकर एवं मंदर की ताल में नाच कर स्वागत किया गया। समारोही जूलूस के साथ दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने वाले बच्चे बच्चियों के साथ महाधर्माध्यक्ष तथा पुरोहितों ने गिरजाघर में प्रवेश किया। तत्पश्चात महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान की अगुवाई की और दृढ़करण संस्कार की धर्मविधि पूरी की। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि " पवित्र आत्मा ही सच्ची और अनंत आनंद का स्रोत है। पवित्र आत्मा के वरदान प्राप्त कर हम विश्वास में मज़बूत बनते हैं । इसी विश्वास का साक्ष्य देते हुए हम अत्याचार के समय भी प्रभु पर हमारा विश्वास बना रहता है। पवित्र आत्मा के प्रेरणा के अभाव में हम कमजोर बन जाते हैं एवं शैतान तथा बुराई में आसानी से फंस जाते हैं।" उपदेश के पश्चात महाधर्माध्यक्ष ने दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने वाले बच्चे बच्चियों के माथे पर पवित्र तेल से अभ्यंजित कर उन्हें दृढ़करण संस्कार प्रदान किया। मिस्सा बलिदान के अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कहा कि दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने के साथ ही ख्रीस्तीय जीवन की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती है बल्कि जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती हैं। दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने वाले बच्चे बच्चियों के माता पिता को भी उनकी जिम्मेदारी का निर्वाहन अच्छी तरह से करने के लिए बधाईयां दी एवं धार्मिक गतिविधियों में बच्चों का मनोबल बढ़ाने का संदेश दिया। मिस्सा के अंत में पल्ली पुरोहित फाo आनंद सुरीन ने महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद को शॉल ढक कर और फूल गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया।
कोकर पल्ली में आयोजित दृढ़करण संस्कार समारोह के अवसर पर रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, फाo आनंद सुरीन कोकर के पल्ली पुरोहित, फाo दीपक भेंगरा पल्ली के सहायक पुरोहित, फाo बाबू, फाo दयासागर, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फाo असीम मिंज, धर्मबंधुगण, धर्मबहनें एवं हज़ारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित रहे।