ईश्वर के प्रेम को अनुभव कर लोगों की सेवा करना व्रतीय जीवन का लक्ष्य:महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
सोमवार, अप्रैल 27, 2026, हेसाग, हटिया: आज हेसाग, हटिया में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के सम्मुख सिस्टर्स ऑफ सेंट चार्ल्स बोरोमियो नॉर्दर्न प्रोविंस की छः धर्मबहनों ने आजीवन व्रत और दो धर्मबहनों ने प्रथम व्रत धारण किया।
आज सिस्टर्स ऑफ सेंट चार्ल्स बोरोमियो नॉर्दर्न प्रोविंस के धर्मसंघ के लिए विशेष दिन रहा क्योंकि उनके छः धर्मबहनों सिo अंशु किरो, सिo आशा टोप्पो, सिo फुलमनी मिंज, सिo ललिता बुर, सिo लिली एक्का एवं सिo पूनम सरिता कुल्लू ने आजीवन साथ ही सिo असीमा मिंज और सिo निकिता एक्का ने आज्ञाकारिता, निर्धनता तथा ब्रह्मचर्य का प्रथम व्रत धारण किया। इस व्रत धारण करने की धर्मविधि पवित्र मिस्सा बलिदान में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में की गई। समारोही जुलूस के साथ व्रत धारण करने वाली धर्मबहने एवं पुरोहितगण वेदी के सम्मुख पहुंचे एवं मिस्सा बलिदान की धर्मविधि आरंभ हुई। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने अपने धर्मोपदेश में कहा कि " ईश्वर का अनुभव करना एवं उसके प्रेम को पहचान कर लोगों की सेवा करना ही व्रतीय जीवन का लक्ष्य है। निर्धनता, आज्ञापलन एवं शुद्धता का व्रत इस लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक सिद्ध होते हैं।" उन्होंने साथ ही यह भी समझाया कि व्रत धारण करना ही लक्ष्य नहीं है बल्कि इसे प्रत्येक दिन जीने का संदेश भी दिया। धर्मोपदेश के पश्चात व्रत धारण करने की विशेष धर्मविधि आरंभ हुई जिसमें प्रथम व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों ने अपने व्रतीय जीवन जीने की घोषणा की एवं पवित्र क्रूस और धर्मसंघ की नियमावली ग्रहण की। उनकी प्रोविंशियल ने उन्हें अपने धर्म समाज में सम्मिलित करने की घोषणा की। आजीवन व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों ने भी व्रतीय जीवन जीने की घोषणा की एवं घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर भी किया। उनके व्रत धारण करने के चिन्ह स्वरूप अंगुठी भी पहनाई गई। उनके सम्मान में एक छोटा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित रहा। खुशी के अवसर पर केक भी काटा गया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों को छोटा उपहार प्रदान कर प्रार्थना करते रहने का आह्वान किया। यह समारोह व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों के लिए चिरकाल के लिए स्मरणीय बन गया। साथ ही इसके द्वारा अन्य युवागण भी समाज सेवा करने के लिए प्रेरित होते रहेंगे।
इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के अलावा, फ़ाo वेलेरियन लोबो, फ़ाo अनुपचंद मिंज, फ़ाo अभय मिंज अन्य पुरोहितगण, सुपीरियर जेनरल सिo क्रिस्टीन वाज, प्रोविंशियल सुपीरियर सिo मेरी कुट्टी जेकब प्रोविंशियल सुपीरियर अन्य धर्मबहनें, व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों के माता पिता एवं रिश्तेदार उपस्थित रहे।