अपने अच्छे काम से प्रभु येसु के सच्चे शिष्य होने का दे परिचय: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
रविवार, मार्च 08, 2026, हरमू, राँची: राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के अंतर्गत हरमू में स्थित संत फ्रांसिस काथलिक गिरजा के लिए एक नए पल्ली पुरोहित की नियुक्ति की गई है। नवनियुक्त पल्ली पुरोहित फ़ाo प्रदीप लकड़ा ने आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के सम्मुख अपने पद ग्रहण करने की प्रतिज्ञा ली।
संत फ्रांसिस काथलिक गिरजा, हरमू पल्ली, टीo ओo आरo धर्मसंघ द्वारा चलाया जाता है। इस पल्ली के लिए एक नए पल्ली पुरोहित फाo प्रदीप लकड़ा की नियुक्ति की गई है। इसलिए आज पल्ली में नए पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह का आयोजन रहा। इसी अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद हरमू पहुँचे और नए पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह की धर्मविधि पूरी की। सर्वप्रथम महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने नव नियुक्त पल्ली पुरोहित फाo प्रदीप लकड़ा को प्रतीकात्मक रूप से गिरजाघर की कुंजी देकर पल्ली का कार्यभार सौंपा। तत्पश्चात पवित्र आत्मा का भजन गाते हुए गिरजा घर में प्रवेश किया गया। मिस्सा आरंभ होने से पहले नव नियुक्त पल्ली पुरोहित फाo प्रदीप लकड़ा के लिए विशेष प्रार्थना करने का आह्वान करते हुए महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद द्वारा दिए नियुक्ति पत्र भी पढ़ सुनाया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। मिस्सा बलिदान के दरम्यान ही पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह के अनुसार मिस्सा के भिन्न भिन्न समय में बैंगनी स्कंद पट्ट, बपतिस्मा एवं मृत्यु पंजी, क्रिस्मा तेल आदि सौंपा। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "हम प्रत्येक ख्रीस्तीय का मिशनरी होना अभिन्न अंग है। हम जहां रहते हैं वहां अपने अच्छे काम एवं व्यवहार से इस बात का साक्ष्य देते रहें कि हम प्रभु येसु के सच्चे शिष्य हैं क्योंकि हम उनके द्वारा सिखाए प्रेम के मार्ग पर चलते हैं।" तत्पश्चात नवनियुक्त पल्ली पुरोहित फाo प्रदीप लकड़ा ने सभी के सम्मुख धर्मसार की घोषणा की एवं जिम्मेदारी ग्रहण करने की प्रतिज्ञा दोहराई। समर्थन स्वरूप महाधर्माध्यक्ष ने घोषणा पत्र एवं प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर किया। मिस्सा बलिदान के अंत में महाधर्माध्यक्ष ने नव नियुक्त पल्ली पुरोहित फाo प्रदीप लकड़ा को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। महाधर्माध्यक्ष ने मध्य पूर्वी देशों में हो रहे युद्ध के विराम एवं शांति बहाल के लिए भी लगातार प्रार्थना करने का आह्वान सभी विश्वासियों से किया। राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के लिए उन्होंने इस सप्ताह विश्व में शांति के लिए शांति की महारानी माता मरियम की मध्यस्थता से रोजरी माला विनती करने का आदेश भी जारी किया है। फाo प्रदीप लकड़ा ने भी सभी को उनकी प्रार्थना एवं सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
इस पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के अलावा, फ़ाo मनोज वेंगतन टीo ओo आरo धर्मसंघ के प्रोविंशियल, फ़ाo अनूप टोप्पो टीo ओo आरo,फ़ाo विल्सन लुगुन टीo ओo आरo, अन्य पुरोहितगण, फाo असीम मिंज एवं पल्ली के विश्वासी हज़ारों की संख्या में शामिल रहे।