सेवा का भाव नेतृत्व का अभिन्न गुण: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
शनिवार, फरवरी 28, 2026, बनहोरा, राँची: राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के अंतर्गत बनहोरा में स्थित संत फ्रांसिस काथलिक गिरजा के नवनियुक्त पल्ली पुरोहित फ़ाo जॉन हीरो ने आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के सम्मुख अपने पद ग्रहण करने की प्रतिज्ञा ली। इसी के साथ महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने नव नियुक्त पल्ली पुरोहित फाo जॉन हीरो को पल्ली का कार्यभार सौंपा।
संत फ्रांसिस काथलिक गिरजा, बनहोरा पल्ली, टीo ओo आरo धर्मसंघ द्वारा चलाया जाता है। इस पल्ली के लिए एक नए पल्ली पुरोहित फाo जॉन होरो की नियुक्ति की गई है। आज पल्ली में नए पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह का आयोजन रहा। इसी अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद बनहोरा पहुँचे और नए पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह की धर्मविधि पूरी की। महाधर्माध्यक्ष के पल्ली आगमन पर पल्लीवासियों ने हाथ धोकर एवं गाना गाकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात पद ग्रहण समारोह की धर्मविधि आरंभ हुई। आरंभ में सभी विश्वासी संत फ्रांसिस काथलिक गिरजा के मुख्य द्वार पर इकट्ठे हुए जहां महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने नव नियुक्त पल्ली पुरोहित फाo जॉन होरो को प्रतीकात्मक रूप से गिरजाघर की कुंजी देकर पल्ली का कार्यभार सौंपा। फाo इसाेदोर ने सभी का स्वागत किया एवं फ़ाo जॉन होरो के संक्षिप्त जीवन परिचय एवं गुणों को प्रस्तुत किया। साथ ही उन्होंने महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद द्वारा दिए नियुक्ति पत्र भी पढ़ सुनाया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। मिस्सा बलिदान के दरम्यान ही पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह के अनुसार मिस्सा के भिन्न भिन्न समय में बैंगनी स्कंद पट्ट, बपतिस्मा एवं मृत्यु पंजी, क्रिस्मा तेल आदि सौंपा। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "हमें अपने जिम्मेदारी का पालन कर्त्तव्यनिष्ठ होकर और बिना किसी पाने की आशा से करना चाहिए। साथ ही हम प्रत्येक में विशेषकर एक पल्ली पुरोहित में सेवा का भाव अवश्य होना है क्योंकि नेतृत्व में सेवा का भाव अभिन्न अंग है।" तत्पश्चात नवनियुक्त पल्ली पुरोहित फाo जॉन होरो ने सभी के सम्मुख धर्मसार की घोषणा की एवं जिम्मेदारी ग्रहण करने की प्रतिज्ञा दोहराई। समर्थन स्वरूप महाधर्माध्यक्ष ने घोषणा पत्र एवं प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर किया। मिस्सा बलिदान के अंत में महाधर्माध्यक्ष ने नव नियुक्त पल्ली पुरोहित फाo जॉन होरो को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। फाo जॉन होरो ने सभी को उनकी प्रार्थना के लिए धन्यवाद दिया।
इस पल्ली पुरोहित के पद ग्रहण समारोह में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के अलावा, फ़ाo जॉन हीरो टीo ओo आरo, वाइस प्रोविंशियल फ़ाo मनोज कुल्लू टीo ओo आरo,फ़ाo इसोदोर टीo ओo आरo, फ़ाo जसमन टीo ओo आरo, फ़ाo विंसी, फाo असीम मिंज एवं पल्ली के विश्वासी शामिल रहे।