हुलहुंडू में नवगिरजा निर्माण हेतु भूमि आशीष सम्पन्न
बुधवार, जनवरी 07, 2026, हुलहुंडू : आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने हुलहुंडू में नवगिरजा निर्माण हेतु भूमि आशीष की धर्मविधि सम्पन्न की।
आज राँची काथलिक महाधर्मप्रांत एवं विशेष रूप से हुलहुंडू पल्ली के विश्वासियों के लिए ऐतिहासिक दिन रहा क्योंकि अनेक वर्षों से नए गिरजाघर का निर्माण का सपना कार्यरूप ले रहा है। हुलहुंडू पल्ली का इतिहास बहुत पुराना है और उस समय के आधार पर गिरजे का निर्माण किया गया था। लेकिन वर्तमान समय में पल्ली के विश्वासियों ने बड़ी संख्या के मद्देनजर बड़ी गिरजाघर बनाने की योजना बनाई गई है। इसी गिरजाघर के निर्माण हेतु आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने भूमि आशीष की धर्मविधि उपस्थित विश्वासियों सम्मुख पूरी की। शीघ्र ही गिरजाघर निर्माण का शिलान्यास एवं नींव रखा जाएगा। इस गिरजाघर के निर्माण का कार्य जैन कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। आर्चबिशप विंसेंट आईंद ने पल्ली के उपस्थित विश्वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि "हम सब विश्वासी ही कलीसिया तथा गिरजा हैं। गिरजाघर हमारे विश्वास का चिन्ह मात्र है जहां हम बिना किसी बाधा के प्रार्थना करने की सुविधा पाते हैं। जैसे ईंट, छड़, बालू एक साथ मिल कर इस गिरजे घर का निर्माण करेंगे वैसे ही हम विश्वासियों को एक साथ मिलकर प्रेम और सहानुभूति दिखाते हुए एक दूसरे का साथ देते हुए जीवन यापन करना है। जैसे पेंतेकॉस्ट के बाद सभी लोग एक मन और एक हृदय थे उनमें कोई भेदभाव नहीं था वैसे ही हम लोग भी एक मन और एक हृदय बनें। इसी से हमारी कलीसिया मजबूत होगी।" साथ ही उन्होंने इस अवसर पर घोषणा की कि इस वर्ष मार्च महीने से लीवान्स अकेडमी विद्यालय का शाखा का शुभारंभ अपोस्तलिक स्कूल हुलहुंडू में आरंभ किया जा रहा है और जल्द ही लीवान्स अकेडमी विद्यालय, हुलहुंडू के बिल्डिंग का कार्य भी आरंभ होगा। प्रकाश उच्च विद्यालय, हुलहुंडू में भी +2 के शीघ्र निर्माण की संभावना भी व्यक्त किया गया। इन सारी निर्माण कार्य की जानकारी प्राप्त कर पल्ली वासी उत्साहित एवं खुश हुए। अन्य प्रश्न उत्तर के माध्यम से विश्वासियों ने निर्माण के योजना की जानकारी हासिल की। इस गिरजाघर का निर्माण कार्य विश्वासियों के उदारता द्वारा प्राप्त धनराशि से किया जायेगा। लीवान्स अकेडमी के प्रबन्धक फाo थॉमस पोवाथिल ने बताया कि नव विद्यालय हुलहुंडू में सभी बच्चों विशेष कर कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा एवं उनके संपूर्ण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हुलहुंडू में नए गिरजाघर के निर्माण हेतु भूमि आशीष के अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, हुलहुंडू के पल्ली पुरोहित फाo विंसेंट मिंज, फाo थॉमस पोवाथिल, फ़ाo एडविन मिंज, फाo नेल्सन बारला, फाo जॉर्ज टोप्पो, फाo इग्नेशियस केरकेट्टा, जैन कंस्ट्रक्शन के श्रीo सुभाष जैन, उनके सुपुत्र श्रीo लोकेश जैन, आर्चबिशप के सचिव फ़ा० असीम मिंज एवं पल्ली के विभिन्न धर्म समाज की धर्मबहनें एवं पल्ली के काथलिक सभा के सदस्य, महिला संघ के सदस्य, युवा संघ एवं कुछेक ख्रीस्त विश्वासी शामिल रहे।