आर्चबिशप विंसेंट आईंद ने नूतन वर्ष 2026 का दिया आशीर्वाद
गुरुवार, जनवरी 01, 2026, राजा उलिहातु, नामकोम: : वर्ष 2026 के प्रथम दिन दिनांक 01 जनवरी को राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने प्रज्ञा के सिंहासन की माता गिरजा (माइनर बसिलिका), राजा उलिहातु में नव वर्ष का मिस्सा बलिदान अर्पित किया। इस प्रसिद्ध माता मरियम को समर्पित तीर्थस्थल पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी विश्वासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दीं।
राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष द्वारा 01 जनवरी को प्रज्ञा के सिंहासन की माता गिरजा (माइनर बसिलिका), राजा उलिहातु में मिस्सा बलिदान अर्पित करना एवं यहीं से विश्वासियों के लिए आशीर्वाद प्रदान करना कई वर्षों की परंपरा रही है। इस परंपरा को बनाए रखते हैं आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद उलिहातु पहुंचे जहां उन्होंने बीते साल 2025 के लिए ईश्वर को धन्यवाद दिया एवं नव वर्ष 2026 के लिए सभी लोगों पर ईश्वर के आशीर्वाद की कामना की। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "बहुत सारे लोग इस नव वर्ष में प्रवेश करना चाहते थे लेकिन वे आज इस दुनिया में नहीं है। हमें ऐसा सुअवसर प्राप्त हुआ है कि हम इस नए वर्ष को देख पाएं हैं इसलिए ईश्वर को धन्यवाद दें साथ ही बीते वर्ष में हमारे जीवन में ईश्वर की अगुवाई, उपस्थिति एवं आशीर्वाद के लिए हृदय से धन्यवाद दें। यह नया वर्ष हमारे लिए नई आशा लेकर आया है। इसलिए इस वर्ष हम विश्वास में मज़बूत बने, अपनी असफलताओं से सीखते हुए अधिक परिश्रम कर अपने जीवन, परिवार एवं समाज को बेहतर बनाने में प्रयासरत रहें।" चूंकि काथलिक कलीसिया 01 जनवरी को माता मरियम का सम्मान करने एवं उसकी मध्यस्थता से प्रार्थना करने का आह्वान करती है इसलिए महाधर्माध्यक्ष ने प्रज्ञा के सिंहासन की माता मरियम की मध्यस्थता द्वारा सभी को आशीर्वाद दिया। मिस्सा समाप्ति पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद एवं अन्य पुरहितगणों का स्वागत किया गया। उन्होंने सभी से मिलते समय अपने आठों में ख़ुशी एवं मन में आशीर्वाद की कामना करते हुए एक दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं एवं बधाईयां देने का संदेश भी दिया। सभी विश्वासियों ने चमत्कारी प्रज्ञा के सिंहासन की माता मरियम के मध्यस्थता द्वारा इस वर्ष सफलता एवं आशीर्वाद की कामना की। साथ ही महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने पल्ली में कार्यरत पुरोहितों एवं धर्मबहनो से मुलाक़ात कर आने वाले समय में लोगों के आध्यात्मिक लाभ एवं समाज सुधार हेतु तत्पर रहने का आह्वान किया।
इस वर्ष के प्रथम दिन महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने उलुहातु अस्पताल के वृद्धाश्रम के बुजुर्ग धर्मबहनों को भी फूल गुच्छ देकर नव वर्ष शुभकामनाएं दीं एवं चमत्कारी प्रज्ञा के सिंहासन माता मरियम की प्रतिमा का चुंबन करा कर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
इस नूतन वर्ष के विशेष मिस्सा बलिदान के अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, उलुहातु के पल्ली पुरोहित फाo अल्बर्ट लकड़ा, फ़ाo सुनील टोप्पो, फाo प्रदीप तिर्की, फाo अमृत, आर्चबिशप के सचिव फ़ा० असीम मिंज एवं विभिन्न धर्म समाज की धर्मबहनें एवं हजारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी शामिल रहे।