फाo सुशील बेक की माता एमरेनसिया बेक को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
शुक्रवार, जनवरी 17, 2025, अरमालटदाग, लापुंग: रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के पुरोहित फाo सुशील बेक की माता श्रीमती एमरेनसिया बेक का आज रांची रिम्स में देहांत हो गया। दफ़न धर्मविधि उनके ग्राम अरमालटदाग में सम्पन्न की गई। इस दफ़न धर्मविधि में रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद भी शामिल हुए। उन्होंने उनके घर प्रांगण में पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित कर श्रीमती एमरेनसिया बेक की आत्मा शांति के लिए विशेष प्रार्थना की तथा शोकित परिवार को सांत्वना भी दिया।
ज्ञात हो कि फाo सुशील बेक की माता श्रीमती एमरेनसिया बेक का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ने की वजह से जनवरी 09, 2025 को उनको रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया। रिम्स में उनके ब्रेन हैमरेज का पता चला साथ ही उनके शरीर का एक भाग पैरालाइज्ड रहा। इस अवस्था में उन्हें आईसीयू में रखा गया और द्रवित भोजन का सेवन कराया जाता रहा। आज दिनांक 17 जनवरी 2025 को प्रातः 07:40 बजे उनकी मृत्यु रांची रिम्स अस्पताल में हुई। दफ़न धर्मविधि की अगुवाई रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान अर्पित कर किया। उन्होंने दफ़न मिस्सा बलिदान के दौरान अपने धर्मोपदेश में कहा कि "जैसे सूर्योदय होते ही डिबिया ( मिट्टी तेल बत्ती) बुझा दी जाती है वैसे ही श्रीमती एमरेनसिया बेक ने हमारे ईश्वर रूपी सूर्य को प्राप्त किया। मृत्यु के साथ सबकुछ समाप्त नहीं होता बल्कि हम सभी अनंत काल तक ईश्वर में अनंत सुख एवं आनंद को प्राप्त करते हैं। श्रीमती एमरेनसिया बेक ने अपने जीवन को ईमानदारी से जिया और प्रभु के वचनों के अनुसार अपने बच्चों को जीना सिखाया। इसी कारण उन्होंने अपने पहलौठे सुशील बेक को समाज की सेवा में समर्पित किया और आज वे एक पुरोहित हैं।" इसके साथ ही श्रीमती एमरेनसिया बेक की आत्मा शांति तथा परिवार में सांत्वना के लिए विशेष प्रार्थना किया।
मिस्सा के पश्चात उनके ग्राम के कब्रस्थान में ही उनकी दफ़न धर्मविधि संपन्न की गई। दफ़न के दौरान सभी की आंखों में आंसू रहा। विशेषकर श्रीमती एमरेनसिया बेक के बेटे फाo सुशील बेक उनके भाई एवं रिश्तेदार की आंखें अश्रु पूर्ण रही।
फाo सुशील बेक की माता श्रीमती एमरेनसिया बेक की शोक सभा एवं दफ़न धर्म विधि में रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, उनके बड़े बेटे फाo सुशील बेक, रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के विकार जेनरल फाo आंनद डेविड खलखो, फाo फिलमोन लकड़ा, फ़ाo जॉर्ज लकड़ा, फाo बिपिन तोपनो, फाo विनय केरकेट्टा, फाo ब्रिसीयूस मिंज, गाढ़ा लोधमा के पल्ली पुरोहित फाo अजय लकड़ा, उपयाजक नीरज कंडूलना, फाo वाल्टर किस्पोट्टा, फाo अंजलूस एक्का, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फाo असीम मिंज, धर्मबहनें, रिश्तेदार एवं ग्राम वासी शामिल हुए।