पूर्ण समर्पित जीवन जीने लिए पुरोहितों का ईश्वर से जुड़े रहना आवश्यक: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
मंगलवार, जनवरी 14, 2025, उलुहातु, रांची: आज रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के उलुहातु पल्ली में टूटीहरा ग्राम के उपयाजक प्रमोद कुजूर को पुरोहिताभिषेक प्रदान किया।
आज रांची महाधर्मप्रांत के उलुहातु पल्ली के कैथोलिक विश्वासियों के लिए खास दिन रहा, क्योंकि रांची महाधर्मप्रांत को फाo प्रमोद कुजूर के रूप में एक नव पुरोहित प्राप्त हुआ। पावन पुरोहिताभिषेक का समारोह संत जोसेफ विद्यालय के प्रांगण में सम्पन्न की गई। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के परिसर में प्रवेश करते ही फूलों की बारिश से और आदिवासी परंपरा एवं संस्कृति द्वारा उनका हाथ धो कर स्वागत किया गया। पुरोहित अभिषेक की धर्मविधि की अगुवाई महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने की। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "प्रत्येक पुरोहित को समर्पित जीवन जीने एवं बिना थके हारे सेवा कार्य करने के लिए ईश्वर से जुड़े रहना आवश्यक है ।" उन्होंने उपयाजक प्रमोद कुजूर के अभिषेक के अवसर पर उसे संबोधित करते हुए पुरोहित, शिक्षक तथा चरवाहा के रूप में उसके कार्य का भी अर्थ समझाया। इस अवसर को अधिक समारोही बनाने के लिए रंगा रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन रहा। पुनः महाधर्माध्यक्ष नव पुरोहित फाo प्रमोद कुजूर को अपने जिम्मेदारी को भली भांति निभाने का आह्वान भी किया। साथ ही उन्होंने लोगों को अपने विश्वास में मजबूत बनने का संदेश दिया तथा परिवार में बच्चों को पुरोहित बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान भी किया। फाo प्रमोद कुजूर के माता पिता को भी महाधर्माध्यक्ष ने आभार व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भी दिया। खिजरी विधानसभा के विधायक श्रीo राजेश कच्छप ने भी हार्दिक बधाई देते हुए सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
फाo प्रमोद कुजूर के पुरोहित अभिषेक समारोह के अवसर पर रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, खिजरी विधानसभा के विधायक श्रीo राजेश कच्छप जी, उलुहातु के पल्ली पुरोहित फाo प्रफुल तिग्गा, फाo प्रदीप तिर्की, फाo सुनील टोप्पो, फाo फिल्मोन लकड़ा, फाo अमृत कुजूर एवं रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के 52 पुरोहित, विभिन्न धर्म समाज की धर्मबहनें एवं हज़ारों की संख्या में कैथोलिक ख्रीस्तीय विश्वासी शामिल हुए।