सभी सफलताओं का स्रोत एवं प्रेरणा है ईश्वर: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
सोमवार, दिसम्बर 30, 2024, कुरडेग हाता, सिमडेगा: आज रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने अंबिकापुर के धर्माध्यक्ष अनतोनिस बाड़ा के साथ सिo शशिलता लकड़ा एवं सिo ललिता रोशनी लकड़ा के 25 वर्षीय संत अन्ना धर्मसंघ में समर्पित जीवन का रजत जंयती के अवसर पर धन्यवादी मिस्सा बलिदान अर्पित किया।
संत अन्ना धर्मसंघ रांची की दो बहनों सिo शशिलता लकड़ा एवं सिo ललिता रोशनी लकड़ा ने आज अपने समर्पित सेवा जीवन का अपने ही गांव कुरडेग हाता में रजत जंयती समारोह मनाया । इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद एवं धर्माध्यक्ष अंतोनिस बाड़ा उपस्थित रहे, ग्रामवासियों ने बड़ी ही गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने इस धन्यवादी मिस्सा की अगुवाई की। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि " प्रभु ईश्वर ही सभी सफलताओं का स्रोत एवं प्रेरणा का कारण है। जब हम प्रभु के साथ जुड़े हुए होते हैं तो सफलता निश्चित रूप से हमें प्राप्त होती हैं। मिस्सा के अंत में इस जुबिली के उपलक्ष्य में जुबिली स्मारक "ओंझरा" किताब का विमोचन भी किया गया। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद एवं धर्माध्यक्ष अंतोनिस बाड़ा ने दोनों बहनों को उनके जुबिली के अवसर पर बधाईयां एवं शुभकामनाएं दीं। जुबिली के अवसर पर छोटा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया।
सिo शशिलता लकड़ा एवं सिo ललिता रोशनी लकड़ा के 25 वर्षीय रजत जंयती समारोह के अवसर पर रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, अंबिकापुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष अतोंनिस बाड़ा, फाo स्टालिन सेराफिन, फाo अलेक्स, फाo मनोज कुल्लू, फाo फिल्मोन लकड़ा, फाo अल्बर्ट लकड़ा, फाo असीम मिंज महाधर्माध्यक्ष के सचिव एवं अन्य पुरोहितगण विभिन्न धर्म समाज की धर्मबहनें एवं कुरडेग हाता के कैथोलिक ख्रीस्तीय विश्वासी शामिल हुए।