व्रतधारण ईश्वर और लोगों की सेवा में पूर्ण समर्पण का जीवन: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद
शनिवार, नवंबर 30, 2024, चान्हो, मांडर: आज रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद के सम्मुख प्रेरितों की रानी धर्मसंघ की 04 धर्म बहनों ने संत वियान्नी गिरिजा, चान्हो, आजीवन व्रत धारण किया।
आज प्रेरितों की रानी धर्मबहनों के लिए एक विशेष अवसर रहा क्योंकि उनके धर्मसंघ से 04 धर्मबहनों
सिo जेसिका कोली, सिo प्रीति सोनी, सिo स्नेहलता आइंद एवं सिo सुषमा लकड़ा ने ब्रह्माचर्य, निर्धनता और आज्ञापालन का आजीवन व्रत धारण किया। यह व्रत धारण समारोह पवित्र मिस्सा बलिदान के साथ आरंभ हुआ जिसकी अगुवाई महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने की। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने अपने धर्मोपदेश में कहा कि: " हमारा मुख्य लक्ष्य प्रभु की सेवा करना, उसके प्रेम के लिए अपने जीवन का पूर्ण समर्पण करना है। प्रभु की सेवा और लोगों की सेवा में विरोधाभाष नहीं है किंतु लोगों की सेवा द्वारा हम यह दर्शाते हैं कि वास्तव में हमने अपने जीवन को पूर्ण रूप से प्रभु के लिए समर्पित कर दिया है।" उन्होंने इस आधुनिक समय में ब्रह्माचर्य, निर्धनता और आज्ञापालन की महता को भी विस्तृत रूप में स्पष्ट किया। मिस्सा के अंत में महाधर्माध्यक्ष ने व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों का बधाईयां एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने अजीवन व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों के माता पिता को अपनी पुत्रियों के रुप समाज की सेवा के लिए सौंपने पर उनके इस महान त्याग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया । मिस्सा बलिदान समाप्ति पर व्रत धारण करने वाली धर्मबहनों के सम्मान में एक छोटा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया।
प्रेरितों की रानी धर्मबहनों के इस व्रत समारोह में रांची के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद , फाo अलबर्ट लकड़ा चान्हो के पल्ली पुरोहित, फाo अनुज सोरेंग सहायक पल्ली पुरोहित, फाo आलोक, फाo प्रफुल्ल टोप्पो, आर्चबिशप के सेक्रेटरी फाo असीम मिंज एवं अन्य 20 पुरोहित विभिन्न धर्म समाज की धर्मबहनें एवं व्रतधारण करने वाली धर्म बहनों के माता- पिता एवं रिश्तेदार शामिल हुए।